नवादा में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 50 साल पुरानी दुकानें ध्वस्त; दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट

नवादा: जिले के रजौली प्रखंड के अमावां मोड़ पर प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को खाली कराया। अंचलाधिकारी (सीओ) मो. गुफरान मजहरी के नेतृत्व में मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर आहर के भिंड पर बनी अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार, यहां पिछले करीब 50 वर्षों से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकानें संचालित की जा रही थीं।

कार्रवाई के बाद प्रभावित दुकानदारों ने अपनी नाराजगी और चिंता जताई। स्थानीय दुकानदार उमेश सिंह ने बताया कि वह वर्ष 1980 से इसी स्थान पर दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। दुकान टूटने के बाद अब उनके परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए वर्ष 2024-25 में अतिक्रमण वाद संख्या-02 दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि संबंधित 8 दुकानदारों को पिछले छह महीनों में कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके अलावा माइकिंग कर लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील भी की गई थी।

Ad.
Ad.

प्रशासन का कहना है कि बार-बार चेतावनी और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तब मजबूरन बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी। पुलिस बल की मौजूदगी में सभी अवैध निर्माण हटाए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल