सारण जिला मुख्यालय स्थित भगवान बाजार थाना क्षेत्र के होटल पैशन में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। सदर एसडीपीओ राम पुकार सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों से कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
पुलिस के अनुसार, होटल में अवैध और संदिग्ध गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस अब होटल के लाइसेंस, संचालन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य कागजातों की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद होटल को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

इस कार्रवाई के बाद छपरा जंक्शन के आसपास संचालित अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदिग्ध गतिविधियों के पीछे किसी संगठित नेटवर्क या दलालों की भूमिका तो नहीं है।
फिलहाल, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
@MUSKAN KUMARI





