पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ बंटी ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ गांधी मैदान स्थित समाहरणालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घर से निकलने से पहले अभिषेक कुमार ने मां के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और पिता का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। नामांकन से पहले सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा कि माता-पिता के त्याग, साथ और समर्थन के लिए वह सदैव ऋणी रहेंगे।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव भाजपा के पूर्व विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद कराया जा रहा है। नामांकन की प्रक्रिया 13 जुलाई तक चलेगी। 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। वर्ष 1995 से यह सीट भाजपा का गढ़ रही है और 2006 से नितिन नवीन लगातार यहां से विधायक चुने जाते रहे हैं।

भाजपा ने इस बार संगठन से जुड़े वरिष्ठ युवा नेता अभिषेक कुमार पर भरोसा जताया है। करीब 26 वर्षों से पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े अभिषेक वर्तमान में भाजयुमो के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। पार्टी को उम्मीद है कि उनके संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्र में सक्रियता का लाभ चुनाव में मिलेगा।
वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा कुमारी गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 11 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे। इसके साथ ही बांकीपुर उपचुनाव का मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद दिलचस्प होता नजर आ रहा है।
@MUSKAN KUMARI





