पटना: हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बिहार के चार प्रमुख कॉरिडोर—पटना–मुजफ्फरपुर, पटना–बेगूसराय, पटना–आरा और पटना–गयाजी पर रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के लिए एलाइनमेंट असेसमेंट रिपोर्ट (AAR) और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने की स्वीकृति का स्वागत किया है। उन्होंने इसे बिहार के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
डॉ. सुमन ने कहा कि यह परियोजना राज्य में आधुनिक, सुरक्षित और तेज सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की मजबूत नींव रखेगी। इससे उत्तर, दक्षिण और पश्चिम बिहार के बीच आवागमन आसान होगा, साथ ही व्यापार, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पटना–गयाजी कॉरिडोर दक्षिण बिहार के विकास का नया इंजन साबित होगा, जबकि पटना–मुजफ्फरपुर, पटना–बेगूसराय और पटना–आरा कॉरिडोर से लाखों यात्रियों को सुरक्षित, तेज और समयबद्ध परिवहन सुविधा मिलेगी।

डॉ. सुमन ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार में विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, रेल और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन में हो रहा निवेश राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि RRTS परियोजना “विकसित बिहार” के संकल्प को साकार करने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देगी और भविष्य में समग्र विकास का मजबूत आधार बनेगी।
@MUSKAN KUMARI





