बिहार की राजधानी पटना के चौक थाना क्षेत्र स्थित श्याम मंदिर राजाराम गली से गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दूसरी शादी से नाराज एक सिरफिरे पूर्व पति ने बदला लेने की नीयत से अपनी पहली पत्नी के नए ससुराल परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की। इस हमले में महिला, उसके सास-ससुर और दो मासूम बच्चों समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मोनी कुमारी की दूसरी शादी अप्रैल 2026 में गोविंद कुमार से हुई थी। बताया जा रहा है कि मोनी का पहला पति कन्हाई कुमार इस शादी से नाराज था और लंबे समय से रंजिश रखे हुए था। इसी गुस्से में उसने गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे इस वारदात को अंजाम दिया।
आरोप है कि कन्हाई कुमार पहले से ज्वलनशील केमिकल खरीदकर लाया था। वह सीधे मोनी के नए ससुराल पहुंचा और घर में मौजूद लोगों पर केमिकल छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते पूरा घर आग की लपटों से घिर गया और चीख-पुकार मच गई। आग इतनी तेज थी कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं चौक थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से झुलसे लोगों को खुद पुलिस वाहन तक पहुंचाया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
इस वारदात में आरोपी कन्हाई कुमार भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। सभी घायलों को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
पटना सिटी SDPO द्वितीय डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को लगाया गया है और इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने ज्वलनशील पदार्थ कहां से खरीदा था।
@MUSKAN KUMARI





