वैशाली में नशे के कारोबार का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार; 12.33 लाख नकद और नशीले पदार्थ बरामद
वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल पंचायत अंतर्गत बगुलिया गाछी में सोमवार को एक घर पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी और नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पवन ठाकुर और उनके बेटे नीरज कुमार को गिरफ्तार किया है। वहीं, नीरज कुमार की पत्नी को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
12 लाख 33 हजार रुपये नकद बरामद
पुलिस के मुताबिक, पवन ठाकुर के दो कमरों वाले मकान की तलाशी ली गई। इस दौरान घर में अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखे गए रुपये बरामद किए गए।
छापेमारी में करीब 12 लाख 33 हजार रुपये नकद, लगभग 56 ग्राम ब्राउन शुगर और 50 ग्राम स्मैक बरामद होने की जानकारी दी गई है।
हत्या के मामले में भी आरोपी है नीरज कुमार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार नीरज कुमार दो साल पहले कंचनपुर गांव में हुए एक हत्या के मामले में भी नामजद अभियुक्त है। अब पुलिस उसके कथित नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
संयुक्त टीम ने की छापेमारी
वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में मध्य निषेध विभाग, राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो बिहार, पटना और वैशाली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि टीम दोपहर करीब 12 बजे मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। पूछताछ के दौरान पवन ठाकुर ने कथित तौर पर कुछ भी बताने से इनकार किया।
नशे के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब बरामद नकदी के स्रोत, नशीले पदार्थों की सप्लाई और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
वैशाली में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच में इस नेटवर्क से जुड़े और कितने नाम सामने आते हैं।
Asian Times | वैशाली, बिहार
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)







