हथिदह-राजेंद्र पुल के बीच OHE तार टूटने से रेल परिचालन ठप, मौर्य एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों फंसीं

पटना/मोकामा:

पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में बुधवार सुबह ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तार टूटने से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। हथिदह अपर और राजेंद्र पुल स्टेशन के बीच हुई इस तकनीकी खराबी के कारण मौर्य एक्सप्रेस, नमो रैपिड रेल समेत दर्जनों ट्रेनों का संचालन बाधित रहा और यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।

रेल अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन संख्या 15027 संबलपुर–गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस सुबह करीब 8:50 बजे हथिदह ऊपरी स्टेशन से गुजर रही थी, तभी लोको पायलट ने ओएचई तार टूटने की सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को बीच पुल पर ही रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही मोकामा से तकनीकी टीम विशेष रेल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे की मरम्मत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद मौर्य एक्सप्रेस सुबह 11:49 बजे आगे के लिए रवाना हुई।

इस दौरान जयनगर–पटना नमो रैपिड रेल भी करीब तीन घंटे तक राजेंद्र पुल स्टेशन पर खड़ी रही और दोपहर 12:03 बजे आगे बढ़ सकी। सहरसा–पटना राज्यरानी एक्सप्रेस, कमला गंगा एक्सप्रेस, कटिहार एक्सप्रेस और राजेंद्र नगर–सहरसा एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। बरौनी, मोकामा और किऊल रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर कई ट्रेनें दो से तीन घंटे तक रुकी रहीं।

Ad.
Ad.

 

पटना–हावड़ा मेन लाइन और पटना–गुवाहाटी जैसे महत्वपूर्ण रेल मार्गों पर परिचालन प्रभावित होने से बिहार के साथ-साथ पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत की लंबी दूरी की ट्रेनों की समय-सारिणी भी बिगड़ गई। भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी, जबकि कुछ लोगों ने सड़क मार्ग का सहारा लिया।

रेल प्रशासन ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल