बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से, 4 दिसंबर तक पांच बैठकें

30 नवंबर से शुरू होगा बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र, 4 दिसंबर तक चलेंगी पांच बैठकें; सम्राट सरकार पेश करेगी अनुपूरक बजट

पटना। बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से शुरू होकर 4 दिसंबर तक चलेगा। पांच दिनों के इस सत्र में सदन की कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण सरकारी विधेयकों और अन्य विधायी कार्यों पर चर्चा होगी।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174 के तहत विधानसभा का सत्र आहूत किया है। विधानसभा सचिवालय की ओर से सत्र का औपचारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।

30 नवंबर को पेश होगा द्वितीय अनुपूरक बजट

सत्र के पहले दिन यानी 30 नवंबर को सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होगी। इस दिन राज्यपाल द्वारा स्वीकृत अध्यादेशों की प्रतियां सदन के पटल पर रखी जाएंगी। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। सदन में दिवंगत व्यक्तियों के प्रति शोक प्रकाश भी किया जाएगा।

1 और 2 दिसंबर को सरकारी विधेयकों पर चर्चा

शीतकालीन सत्र के दूसरे और तीसरे दिन यानी 1 और 2 दिसंबर को राजकीय विधेयकों तथा अन्य सरकारी कार्यों को निपटाया जाएगा। इन दिनों सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले विधेयकों पर चर्चा और उन्हें पारित कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

3 दिसंबर को अनुपूरक बजट पर होगी चर्चा

सत्र का चौथा दिन वित्तीय दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा। 3 दिसंबर को द्वितीय अनुपूरक बजट पर सदन में चर्चा होगी। इसके बाद बजट को मंजूरी देने की प्रक्रिया और संबंधित विनियोग विधेयक पर कार्यवाही होगी।

4 दिसंबर को गैर-सरकारी संकल्पों पर चर्चा

शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन यानी 4 दिसंबर को गैर-सरकारी सदस्यों के संकल्पों पर चर्चा होगी। इस दौरान विधायक अपने क्षेत्र और जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में उठा सकेंगे।

सरकार और विपक्ष के बीच दिखेगी राजनीतिक सरगर्मी

पांच दिनों के इस सत्र में बजट और सरकारी विधेयकों के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने और विभिन्न मुद्दों को सदन में उठाने का अवसर मिलेगा।

अब सबकी नजरें 30 नवंबर से शुरू होने वाले इस सत्र पर टिकी हैं। देखना होगा कि सदन में सरकार और विपक्ष के बीच किन मुद्दों को लेकर बहस होती है।

ASIAN TIMES | बिहार की खबर, आपकी नजर

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल