बगहा। बिहार के बगहा स्थित पटखौली थाना क्षेत्र के सिविल कोर्ट परिसर में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कोर्ट परिसर में मौजूद दो दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। दूर-दूर तक आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही थीं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
@MUSKAN KUMARI






