पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य बनने के बाद एक बार फिर जमीनी स्तर पर सक्रिय होने की तैयारी में नजर आ रहे हैं। मंगलवार सुबह नीतीश कुमार JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा से मिलने उनके आवास पहुंचे। इस दौरान पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में सबसे अहम चर्चा नीतीश कुमार के बिहार के सभी जिलों के संभावित दौरे को लेकर हुई। संजय कुमार झा ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि नीतीश कुमार प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाकर उनसे सीधे संवाद करें। नीतीश कुमार ने भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने, उनकी समस्याएं सुनने और समाधान की दिशा में काम करने पर जोर दिया।
समर्थकों ने लगाए ‘सुपर सीएम’ के नारे
मुलाकात के दौरान मौजूद समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार से बिहार के जिलों का दौरा करने की अपील की। इस दौरान उनके समर्थन में ‘सुपर सीएम’ के नारे लगाए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, नीतीश कुमार के जिलावार दौरे को लेकर अभी कोई आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है।
JDU संगठन को मजबूत करने की रणनीति
मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भी नीतीश कुमार JDU की राजनीति में केंद्रीय भूमिका में बने हुए हैं। ऐसे में उनका संभावित जिलावार दौरा पार्टी संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर नीतीश कुमार संगठन की जमीनी स्थिति और उनकी समस्याओं को समझ सकते हैं।
अगर नीतीश कुमार बिहार के सभी जिलों का दौरा करते हैं, तो इससे JDU कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आने के साथ-साथ बिहार की राजनीति में उनकी भविष्य की भूमिका को लेकर चर्चाएं भी तेज हो सकती हैं।
@MUSKAN KUMARI






