जहानाबाद: भेलावर थाना क्षेत्र के निसरपुरा गांव में हुए चर्चित चाचा-भतीजा दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अधिकांश आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस सनसनीखेज मामले में अब तक कुल 17 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से 15 गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
मामले की शुरुआत 15 मई को हुई थी, जब डेकोरेशन व्यवसाय से जुड़े शिवम कुमार उर्फ गोलू की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान आठ आरोपितों के घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की, जबकि पांच नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपित ज्योति रंजन है।

शिवम हत्याकांड के मुख्य गवाह उसके चाचा मुन्ना कुमार सिंह थे। लेकिन 7 जून की शाम अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मुन्ना कुमार सिंह की पटना पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दूसरे हत्याकांड में छह लोगों को आरोपी बनाया गया, जिसमें मुख्य आरोपित अनिल यादव है। पुलिस ने एक आरोपी अंकित कुमार के घर की भी कुर्की-जब्ती की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपित कानून के शिकंजे में होंगे।
@MUSKAN KUMARI






