मुंगेर: कड़ी ड्यूटी और सीमित समय के बावजूद मुंगेर डीआईजी कार्यालय की गोपनीय शाखा में तैनात सिपाही अमृत कुमार ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए ओबीसी श्रेणी में 350वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया है, बल्कि हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का नया उदाहरण भी पेश किया है।
सहरसा जिले के कहरा प्रखंड स्थित बरियाही गांव के निवासी अमृत कुमार एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। वर्ष 2013 में बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर नियुक्त हुए अमृत ने गया और शेखपुरा में सेवाएं देने के बाद वर्तमान में मुंगेर प्रक्षेत्र डीआईजी कार्यालय में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

दिनभर की व्यस्त और तनावपूर्ण ड्यूटी के बाद उन्होंने सेल्फ स्टडी के जरिए इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की। अमृत कुमार ने अपनी इस कामयाबी का बड़ा श्रेय अपनी पत्नी को दिया, जो स्वयं बिहार पुलिस में सिपाही हैं। उन्होंने बताया कि पत्नी ने तीन बच्चों की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्हें पढ़ाई के लिए समय और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया।
मुंगेर रेंज के डीआईजी राकेश कुमार समेत सहकर्मियों ने अमृत कुमार को बधाई देते हुए उनकी सफलता को संघर्ष, अनुशासन और आत्मविश्वास की मिसाल बताया। अमृत कुमार की यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो नौकरी के साथ अपने बड़े सपनों को साकार करने की कोशिश में जुटे हैं।
@MUSKAN KUMARI





