कटिहार आईटीआई कॉलेज में परीक्षा शुल्क के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, छात्रों ने किया हंगामा

कटिहार: जिले के आईटीआई कॉलेज में परीक्षा शुल्क के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद छात्रों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि जहां परीक्षा शुल्क 413 रुपये निर्धारित है, वहीं विभिन्न सुविधाओं के नाम पर छात्र-छात्राओं से 3600 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इसको लेकर कॉलेज परिसर में छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

छात्रों का आरोप है कि इस कथित वसूली के लिए एक छात्र को ही एजेंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि उसी छात्र के मोबाइल और बैंक खाते के माध्यम से अन्य छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन पैसे जमा करवाए जा रहे हैं। जब इस संबंध में उससे सवाल पूछे गए तो उसने स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए मामले को टालने की कोशिश की।

आक्रोशित छात्राओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा फॉर्म भरने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के नाम पर अतिरिक्त राशि ली जा रही है। उनका कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले कई छात्र इस कथित वसूली से परेशान हैं और मजबूरी में पैसे जमा करने को विवश हैं।

मामले को लेकर छात्रों ने प्राचार्य और उप-प्राचार्य से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिला पदाधिकारी से मिलकर शिकायत करेंगे और बड़े आंदोलन की शुरुआत करेंगे।

Ad.
Ad.

 

वहीं, कॉलेज के उप-प्राचार्य ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल परीक्षा शुल्क के नाम पर कथित वसूली के आरोपों ने कॉलेज प्रशासन और शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल