पटना में ऑनलाइन गेम में 1.45 लाख हारने के बाद छात्र ने रची खुद के अपहरण की साजिश
पटना: बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में दसवीं कक्षा के एक छात्र द्वारा अपने ही अपहरण की झूठी कहानी रचने का मामला सामने आया है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक छात्र ऑनलाइन गेम में करीब 1.45 लाख रुपये हार गया था। दोस्तों से लिए पैसे लौटाने के दबाव में उसने अपहरण की कहानी गढ़ी और परिजनों से फिरौती की रकम मंगवाई।
दोस्तों से लिया था कर्ज, फिर बनाई अपहरण की कहानी
पुलिस के अनुसार छात्र ने दोस्तों से रुपये उधार लेकर ऑनलाइन गेम खेला था। गेम में करीब 1.45 लाख रुपये हारने के बाद दोस्तों ने उस पर पैसे वापस करने का दबाव बनाया। कर्ज चुकाने के लिए छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर खुद के अपहरण की साजिश रचने का फैसला किया।
पिता से मांगी 2 लाख की फिरौती
छात्र बुद्धा कॉलोनी स्थित अपने कमरे से निकला और गांधी मैदान बस स्टैंड से बस पकड़कर मुजफ्फरपुर की ओर चला गया। रास्ते में उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि चार-पांच लोगों ने उसे स्कॉर्पियो में बंधक बना लिया है और छोड़ने के बदले 2 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे हैं।
घबराए पिता ने बेटे के खाते में 75 हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
तकनीकी जांच से खुला पूरा राज
पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान छात्र की लोकेशन का पता लगाया गया और पुलिस ने उसे मुजफ्फरपुर के सराय टोल प्लाजा के पास एक बस से सुरक्षित बरामद कर लिया।
पूछताछ में छात्र के खुद ही अपहरण की कहानी गढ़ने की बात सामने आई।
चंपारण का रहने वाला है छात्र
बताया जा रहा है कि छात्र मूल रूप से पूर्वी चंपारण के रक्सौल बॉर्डर क्षेत्र का रहने वाला है और पटना में रहकर पढ़ाई करता है। उसके पिता व्यवसायी बताए जा रहे हैं। बुद्धा कॉलोनी थाने के अनुसार छात्र पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ऑनलाइन गेम में रकम हारने और कथित अपहरण की साजिश में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






