पटना: TRE-4 के नोटिफिकेशन को तत्काल जारी करने की मांग को लेकर बिहार के छात्रों और छात्र नेताओं ने मंगलवार को पटना के गर्दनीबाग में छात्र न्याय सत्याग्रह शुरू किया। बड़ी संख्या में छात्र बैनर और पोस्टर लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन पर बैठ गए हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करे। छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर अधिसूचना जारी नहीं हुई तो शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को इस्तीफा देना चाहिए।
आंदोलन की शुरुआत राष्ट्रगान, वंदे मातरम और ‘रघुपति राघव राजा राम’ के सामूहिक गायन के साथ हुई। इसके बाद छात्रों ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने तंज कसते हुए उन्हें ‘मिस्टेक तिवारी’ कहकर भी संबोधित किया।

24 घंटे का अल्टीमेटम
छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन को अनिश्चितकालीन बताया गया है। छात्र नेताओं ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि इस अवधि में TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ तो शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि पिछले करीब तीन वर्षों से TRE-4 के नोटिफिकेशन को लेकर सिर्फ तारीख और आश्वासन दिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि अभ्यर्थी लगातार शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन अधिसूचना जारी नहीं होने से उनका भविष्य अधर में है।
छात्रों ने बताया कि शिक्षक भर्ती की तैयारी के दौरान उन्होंने तीन बार STET और छह बार CTET जैसी परीक्षाएं दी हैं, इसके बावजूद TRE-4 के नोटिफिकेशन का इंतजार खत्म नहीं हुआ है।
छात्र नेताओं का कहना है कि अब सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा। सरकार को अभ्यर्थियों के भविष्य को देखते हुए तत्काल TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करना होगा, अन्यथा शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
@MUSKAN KUMARI





