किराये के विवाद में नर्स और ऑटो चालक में विवाद, छेड़छाड़ का आरोप; पुलिस ने ऑटो सीज किया

लखनऊ: आलमबाग से दुबग्गा जा रही एक नर्स और ऑटो चालक के बीच किराये को लेकर विवाद हो गया। नर्स ने ऑटो चालक पर गाली-गलौज, मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस के अनुसार मामला मुख्य रूप से किराये को लेकर हुए विवाद का है और नर्स द्वारा लगाए गए मारपीट व छेड़छाड़ के आरोपों को पुलिस ने गलत बताया है।

35 रुपये की जगह लौटाए सिर्फ 5 रुपये

पुलिस के मुताबिक, बालागंज निवासी युवती नर्स है और घरों में मरीजों की केयरटेकर के तौर पर काम करती है। सोमवार सुबह नाइट ड्यूटी खत्म करने के बाद वह आलमबाग से दुबग्गा जाने के लिए ऑटो में बैठी।

दुबग्गा पहुंचने पर चालक ने 15 रुपये किराया मांगा। युवती ने उसे 50 रुपये का नोट दिया। आरोप है कि चालक ने 35 रुपये वापस करने के बजाय केवल 5 रुपये लौटाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

सुनसान रास्ते पर ले जाने का आरोप

नर्स का आरोप है कि विवाद के बाद जब वह ऑटो से उतरने लगी तो चालक उसे दुबग्गा सब्जी मंडी के पीछे सुनसान रास्ते की ओर ले गया। वहां गाली-गलौज और मारपीट करने के साथ उसने दुपट्टा खींचकर छेड़छाड़ करने का प्रयास किया।

नर्स के मुताबिक, विरोध करने पर चालक ने उसे ऑटो से धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, ऑटो सीज

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक की तलाश शुरू की। पुलिस ने कस्बा काकोरी निवासी रिंकू यादव (32) को पकड़ लिया। उसका चालान किया गया है और ऑटो को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया।

इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के मुताबिक, ऑटो चालक और युवती के बीच किराये को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने नर्स की ओर से लगाए गए मारपीट और छेड़छाड़ के आरोपों को गलत बताया है।

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल