बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने गुरुवार को पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में कई अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक सह दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि तथा संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार के लोगों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
लोकार्पित परियोजनाओं में ₹10.25 करोड़ की लागत से निर्मित छह मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर वाला RIO OT कॉम्प्लेक्स, ₹8.25 करोड़ का अत्याधुनिक CCTV कमांड सेंटर, ₹6.55 करोड़ की लागत से विकसित 20 बेड का क्लोज्ड ICU और ₹8.05 करोड़ की लागत से 16 नई मशीनों से सुसज्जित डायलिसिस यूनिट शामिल हैं। इन सुविधाओं से मरीजों को बेहतर और उन्नत चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने नई चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया और मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने नवजात शिशुओं में होने वाली रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमैच्योरिटी (ROP) और बाल हृदय रोग के प्रभावी उपचार के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने संस्थान के हर्बल गार्डन में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता और जांच सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
@MUSKAN KUMARI





