पटना सिटी में शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर पहाड़ी के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हो गया। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने बस को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। कुछ ही देर में बस धू-धू कर जलने लगी। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा और भीड़ के आक्रोश के बीच पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा।
बस में लगी आग बुझाने के लिए दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ के विरोध के कारण दमकलकर्मी आग बुझाए बिना लौट गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और नेशनल हाईवे पर यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जबकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
@MUSKAN KUMARI





