पटना के खगौल में कॉनप्लेक्स सिनेमाज ने अपने नए स्मार्ट-फॉर्मेट मल्टीप्लेक्स का भव्य शुभारंभ किया। उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान और सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव भी मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यह मल्टीप्लेक्स बिहार के विकास और मनोरंजन क्षेत्र को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक सिनेमा सुविधाओं के विस्तार से लोगों को विश्वस्तरीय मनोरंजन मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

कॉनप्लेक्स सिनेमाज के प्रबंध निदेशक चंदन कुमार और रोहित कुमार सपन ने बताया कि खगौल में इस नए मल्टीप्लेक्स के शुरू होने के साथ ही बिहार में कंपनी के 13 और पटना में 6 सिनेमा हॉल संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य राज्य के उभरते शहरों और कस्बों तक आधुनिक सिनेमा अनुभव पहुंचाना है।
नए मल्टीप्लेक्स में 3 अत्याधुनिक स्क्रीन हैं, जिनकी कुल क्षमता 150 दर्शकों की है। यहां कपल लाउंजर, सोफा लाउंजर और प्रीमियम सीटिंग की सुविधा के साथ 2K प्रोजेक्शन, 3D तकनीक और डॉल्बी 7.1 सराउंड साउंड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि दर्शकों को शानदार ऑडियो-विजुअल अनुभव मिल सके।
@MUSKAN KUMARI






