जेल से रची गई 84 लाख की ज्वेलरी लूट की साजिश, फुलवारी शरीफ के दो युवक गिरफ्तार

फुलवारी शरीफ। तेलंगाना के करीमनगर में हुई करीब 84 लाख रुपये के सोने के आभूषणों की लूट मामले में जांच के दौरान एक संगठित अंतरराज्यीय अपराधी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हाई-प्रोफाइल वारदात की साजिश जेल के भीतर बैठकर रची गई थी, जबकि इसे अंजाम देने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों से अपराधियों को जोड़ा गया।

जांच एजेंसियों के अनुसार, लूट के लिए 3 मई, यानी नीट (NEET) परीक्षा का दिन जानबूझकर चुना गया। उस दिन पुलिस बल का बड़ा हिस्सा परीक्षा ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त था। इसी मौके का फायदा उठाकर बदमाशों ने करीमनगर स्थित पीएमजे ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया।

पुलिस के मुताबिक, वारदात से पहले दुकान की पूरी रेकी कराई गई थी। इसके लिए एक व्यक्ति को पेंटर बनाकर दुकान में भेजा गया, जिसने सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की गतिविधियों और आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटाई। इसी आधार पर पूरी लूट की योजना तैयार की गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि पूर्णिया जेल में बंद गिरोह के सरगना सुबोध और बेऊर जेल में बंद शिवम सिंह के संपर्क के जरिए पूरे नेटवर्क का संचालन किया गया। आरोप है कि जेल के अंदर से ही अपराधियों को निर्देश दिए गए और सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

इस मामले की जांच फुलवारी शरीफ तक पहुंची, जहां से खलीलपुरा निवासी गोलू और बौली मोहल्ला निवासी मोहम्मद आदिल को गिरफ्तार किया गया है। तेलंगाना पुलिस दोनों आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है और उनसे पूछताछ जारी है।

सूत्रों के अनुसार, अब तक इस मामले में पांच आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य संदिग्ध अभी फरार हैं। तेलंगाना पुलिस, बिहार पुलिस के सहयोग से पटना समेत कई स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि जेल के भीतर से संचालित इस आपराधिक नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा लूटे गए सोने के आभूषण और रकम कहां छिपाई गई है। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

(नोट: सभी आरोपी कानून की नजर में दोषी तब तक नहीं माने जाते, जब तक अदालत में आरोप सिद्ध न हो जाएं। पुलिस की जांच जारी है।)

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल