औरंगाबाद: बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने में औरंगाबाद जिला प्रशासन की प्रभावी भूमिका को लेकर केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) (CSBC) ने जिलाधिकारी सह परीक्षा समन्वयक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। CSBC के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए उनकी प्रशासनिक कार्यशैली और नेतृत्व की सराहना की।
14 जून से 28 जून 2026 तक आयोजित सिपाही भर्ती की विभिन्न लिखित परीक्षाओं के दौरान औरंगाबाद जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी, प्रभावी प्रशासनिक रणनीति और पुलिस की सतर्कता के चलते नकल, फर्जी अभ्यर्थियों और अन्य अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया गया। पूरी परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण और बिना किसी विवाद के संपन्न हुई।
अपने प्रशस्ति पत्र में CSBC अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने कहा कि बड़े पैमाने पर भर्ती परीक्षाओं का निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन आज के समय में बड़ी चुनौती है। ऐसे में औरंगाबाद में परीक्षा का कदाचारमुक्त संचालन जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा की प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शी नेतृत्व, सूक्ष्म योजना और प्रभावी मॉनिटरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि परीक्षा के दौरान प्रशासनिक, सुरक्षा और लॉजिस्टिक व्यवस्था उच्च स्तर की रही। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, समयबद्ध कार्ययोजना और अधिकारियों की सक्रियता के कारण पूरे अभियान का सफल संचालन संभव हो सका। इस दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, फर्जीवाड़ा या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या सामने नहीं आई।
CSBC अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से परीक्षा संचालन में योगदान देने वाले सभी प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों और कर्मचारियों तक उनकी ओर से बधाई और शुभकामनाएं पहुंचाने का आग्रह किया। वहीं जिला प्रशासन ने इस सम्मान को पूरी टीम की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि भविष्य में भी भर्ती परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जारी रहेगी।
@MUSKAN KUMARI





