Bihar के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित शोभिटोला गांव में सोमवार शाम शादी का माहौल अचानक हिंसा में बदल गया। बारात पर हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई और बाराती जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, शोभिटोला गांव निवासी नरेश यादव की बेटी सोनी कुमारी की शादी तियर थाना क्षेत्र के मनियारा गांव निवासी कृष्णधारी सिंह के बेटे हरेंद्र कुमार से तय हुई थी। बारात खुशी के माहौल में गांव पहुंची थी और शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं। इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक बारात पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
दूल्हे के पिता कृष्णधारी सिंह ने थाने में दिए आवेदन में प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार, उमेश यादव, सोनालाल और जेपी साह समेत करीब 20 अज्ञात लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हमलावरों ने बारातियों के साथ मारपीट की और अफरा-तफरी के बीच गहने व नकदी भी लूट ली। घटना में दूल्हा, उसके पिता और परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।

सूचना मिलते ही Shahpur Police Station की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए दोनों परिवारों को भरोसा दिलाया। इसके बाद थाना परिसर में बने शिव मंदिर में कड़ी सुरक्षा के बीच दूल्हा-दुल्हन की शादी संपन्न कराई गई।
पुलिस की मौजूदगी में शादी की सभी रस्में पूरी हुईं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





