वैशाली,
जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के मियां भैरव गांव स्थित चौड़ में पानी में तैरता एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव को देखते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो सकी। घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज के एसडीपीओ गोपाल मंडल भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।
कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पहचान के प्रयास में शव को 72 घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा जाएगा।
एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव चार-पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। महिला का चेहरा पूरी तरह गल जाने के कारण पहचान में दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष आंकी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला को बोरी में ईंट बांधकर जलाशय में डुबाया गया था। हालांकि शरीर के फूलने के कारण शव पानी के ऊपर आ गया। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
@MUSKAN KUMARI







