गोपालगंज,
जिले में भू-माफियाओं के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने निर्णायक जंग छेड़ दी है। लंबे समय से सक्रिय जमीन माफियाओं पर अब कानून का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर ऐसे अपराधियों की एक विशेष सूची तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भेजा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों पर भी बड़ा प्रहार किया जाएगा। पुलिस उन सभी जमीन, मकान और कारोबार की जांच कर रही है, जिन्हें माफियाओं ने गैरकानूनी तरीके से अर्जित किया है। एसपी के निर्देश पर संगठित अपराध से जुड़े अपराधियों की पहचान कर एक स्पेशल लिस्ट तैयार की जा रही है, जिसमें हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और जमीन विवाद जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त लोगों के नाम शामिल हैं।
नगर थाना में संगठित अपराध की धाराओं के तहत कई आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें योगेंद्र पंडित, मुकेश कुशवाहा, भूषण कुशवाहा, उदय नारायण कुशवाहा, राजपाल कुशवाहा और उमेश कुशवाहा जैसे नाम सामने आए हैं। पुलिस का दावा है कि ये सभी आरोपी संगठित तरीके से अपराध कर इलाके में दहशत फैला रहे थे।
इसके अलावा पुलिस ने करीब 60 बड़े भू-माफियाओं को चिन्हित किया है, जिनकी संपत्तियों की गहन जांच जारी है। गंग दयाल यादव, मुर्गा बाबा और डब्लू तिवारी जैसे चर्चित नाम भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं।
जांच में जिन संपत्तियों को अवैध कमाई से अर्जित पाया जाएगा, उन्हें प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत जब्त करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर ED को भेजा जाएगा। इससे स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि प्रशासन अब ‘आर-पार’ की कार्रवाई के मूड में है।
गोपालगंज पुलिस के इस बड़े एक्शन से भू-माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। आने वाले दिनों में कई बड़े नामों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पूरे जिले की नजर इस हाई-वोल्टेज अभियान पर टिकी हुई है।
@MUSKAN KUMARI







