AI समिट में चमका बिहार पवेलियन, निवेशकों की बढ़ी दिलचस्पी; टेक्नोलॉजी आधारित विकास की ओर राज्य का बड़ा कदम

नई दिल्ली: भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट एंड एक्सपो 2026 में बिहार पवेलियन निवेशकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा। राज्य सरकार ने AI आधारित नीतियों, उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम और निवेश संभावनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिससे देश-विदेश के निवेशकों ने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किल डेवलपमेंट और तेजी से बढ़ते टेक सेक्टर में गहरी रुचि दिखाई।

अधिकारियों के अनुसार, राज्य में विकसित हो रहे डेटा सेंटर, प्रशिक्षित मानव संसाधन और कम लागत वाला संचालन ढांचा टेक कंपनियों के लिए बिहार को अनुकूल निवेश गंतव्य बना रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने किया दौरा

केंद्रीय राज्य मंत्री (जल शक्ति मंत्रालय) डॉ. राज भूषण चौधरी ने बिहार पवेलियन का दौरा कर स्टार्टअप्स और टेक कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बिहार पारंपरिक विकास मॉडल से आगे बढ़कर टेक्नोलॉजी आधारित विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से जल प्रबंधन, कृषि उत्पादकता और शहरी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सिंगल विंडो क्लीयरेंस, मजबूत आधारभूत संरचना और नीति आधारित प्रोत्साहन के जरिए निवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बना रही है।

रोजगार और इनोवेशन को बढ़ावा

Tiger Analytics के CEO और संस्थापक महेश कुमार ने बिहार में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने में रुचि जताई। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री-ओरिएंटेड ट्रेनिंग के जरिए युवाओं को AI और डेटा एनालिटिक्स में वैश्विक स्तर की स्किल दी जा सकती है, जिससे रोजगार और इनोवेशन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

प्रशासनिक सुधार और रोजगार सृजन

राज्य के सचिव (मध निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग) अजय यादव ने कहा कि बढ़ता स्टार्टअप इकोसिस्टम और युवाओं की बड़ी आबादी टेक सेक्टर के लिए मजबूत आधार तैयार कर रही है। सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं में AI को शामिल कर पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने पर काम कर रही है।

ऊर्जा विभाग के CMD मनोज कुमार सिंह ने कहा कि नई तकनीकों में निवेश से राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा। स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि बिहार अब टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के जरिए आर्थिक परिवर्तन की नई कहानी लिखने की ओर बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में AI क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हो सकता है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल