पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल स्थित चंदोस पंचायत के करहरा गांव में दर्दनाक हादसा हुआ है। एक ही परिवार से पिता और उनके दो मासूम बेटों की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज पीएमसीएच पटना में जारी है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है।
अचानक बिगड़ी तबीयत, तीन की गई जान
ग्रामीणों के अनुसार, करहरा गांव निवासी नीरज कुमार साव, उनका 6 वर्षीय बेटा निर्भय कुमार और 3 वर्षीय बेटा निर्बल कुमार अचानक बीमार पड़ गए। नीरज और निर्बल की हालत बिगड़ने पर पहले उन्हें स्थानीय अस्पताल और फिर पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इसी बीच घर पर ही निर्भय की भी हालत खराब हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं नीरज की पत्नी भी गंभीर रूप से बीमार हैं और उनका इलाज पटना के पीएमसीएच अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सिंगोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि मौत विषाक्त भोजन (फूड प्वॉइजनिंग) या किसी अन्य कारण से हुई हो सकती है।
गांव में मातम और सनसनी
इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
@AT Saumya
Author: BiharlocalDesk
ASAIN TIMES NEWS NETWORK






