राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) से छुट्टी मिल गई है। शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उनकी स्थिति में सुधार होने पर उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई।
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के दौरान उनकी बेटी और पाटलिपुत्र सांसद डॉ. मीसा भारती उनके साथ मौजूद रहीं। लालू यादव के अस्पताल से घर लौटने की खबर के बाद परिवार, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राहत की सांस ली।

डॉक्टरों ने लालू प्रसाद यादव को फिलहाल पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। साथ ही नियमित दवाएं लेने और स्वास्थ्य की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सकों का कहना है कि उनकी उम्र और मेडिकल हिस्ट्री को देखते हुए विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। घर पर भी डॉक्टरों की टीम समय-समय पर उनके स्वास्थ्य पर नजर रखेगी।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद लालू प्रसाद यादव सीधे पटना के कौटिल्य नगर स्थित अपने आवास पहुंचे। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों की सलाह के अनुरूप उनके रहने की व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें आरामदायक और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
@MUSKAN KUMARI





