गुजरात में ऑनर किलिंग! दूसरी जाति के युवक से प्यार करने पर पिता ने बेटी की गला घोंटकर की हत्या, आत्महत्या दिखाने की कोशिश
गुजरात के आनंद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 21 वर्षीय बेटी के दूसरी जाति के युवक से प्रेम संबंध रखने से नाराज पिता ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। शुरुआत में इस घटना को आत्महत्या बताने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह सनसनीखेज घटना गुजरात के आनंद जिले के खंभात तालुका के मेटपुर गांव की है। मृतका की पहचान 21 वर्षीय सानिया पटेल (Sania Patel) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पिता का नाम कौशल कुमार पटेल (50) बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, सानिया ने वडोदरा से बीकॉम (B.Com.) की पढ़ाई पूरी की थी और इसके बाद अपने गांव लौट आई थी। इसी दौरान उसका गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन सानिया के पिता इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे।
दूसरी जाति के युवक से रिश्ते का करता था विरोध
पुलिस जांच में सामने आया है कि कौशल कुमार पटेल पिछले करीब एक साल से अपनी बेटी के प्रेम संबंध का विरोध कर रहे थे। उनकी नाराजगी की वजह यह थी कि युवक दूसरी जाति का था। इसके अलावा युवक की मासिक कमाई भी लगभग 10 से 15 हजार रुपये बताई गई है।
पिता लगातार बेटी पर युवक से रिश्ता खत्म करने का दबाव बना रहे थे। लेकिन सानिया युवक से बातचीत जारी रखे हुए थी। इसी बात को लेकर परिवार में कई महीनों से तनाव चल रहा था।
आधी रात को रसोई में हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर की तड़के करीब 3:15 बजे परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान कौशल कुमार ने रसोई में अपनी बेटी से उसके प्रेम संबंध को लेकर बातचीत शुरू की।
बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर पिता ने बेटी के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। इस घटना में सानिया की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
घटना के बाद परिवार की ओर से शुरुआत में सानिया की मौत को आत्महत्या बताया गया। 9 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे उसके शव को खंभात सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि, डॉक्टरों को सानिया की गर्दन पर चोट और निशान देखकर संदेह हुआ। इसके बाद फॉरेंसिक पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि सानिया की मौत गला दबाने यानी लिगेचर स्ट्रैंगुलेशन (Ligature Strangulation) के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
पुलिस पूछताछ में पिता ने कबूला जुर्म
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी पिता ने अपनी बेटी की हत्या करने की बात कबूल की।
इसके बाद खंभात टाउन पुलिस ने कौशल कुमार पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया और 9 नवंबर की रात करीब 10 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया था। अदालत ने पुलिस रिमांड की मांग खारिज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
प्रेम संबंध के विरोध में हत्या ने खड़े किए गंभीर सवाल
सानिया पटेल की हत्या की इस घटना ने एक बार फिर समाज में जाति और समुदाय के नाम पर होने वाली हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
किसी बालिग व्यक्ति को अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनने का अधिकार है। प्रेम संबंध या शादी के फैसले से असहमति किसी को भी हिंसा करने का अधिकार नहीं देती।
गुजरात की यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि समाज के सामने एक गंभीर सवाल है कि आखिर अपनी पसंद से जीवन जीने का अधिकार कब तक जाति और सामाजिक सोच की दीवारों में कैद रहेगा?
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)





