पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन समारोह के दौरान एक भावुक और दिलचस्प दृश्य देखने को मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी लोकगीतों की प्रस्तुति से प्रभावित होकर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने लोकप्रिय भोजपुरी गायक छोटू छलिया को अपने हाथ से हीरे जड़ा कंगन उतारकर भेंट कर दिया। अचानक मिले इस सम्मान से गायक भावुक हो गए और उन्होंने राबड़ी देवी का आभार व्यक्त किया।
गुरुवार देर रात पटना स्थित राबड़ी आवास पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी गीतों और बिहार की पारंपरिक लोक कला ‘लौंडा नाच’ की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। छोटू छलिया की प्रस्तुति ने वहां मौजूद लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया, जिसके बाद राबड़ी देवी ने उन्हें यह विशेष उपहार देकर सम्मानित किया।

इससे पहले दिनभर लालू प्रसाद यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों से जन्मदिन की बधाइयां स्वीकार कीं। शाम को परिवार और करीबी नेताओं की मौजूदगी में 79 पाउंड का विशेष केक काटा गया। इस मौके पर राबड़ी देवी, राज्यसभा सांसद मीसा भारती, पूर्व सांसद जयप्रकाश नारायण यादव, राजद के कई विधायक और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
केक काटने के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लालू प्रसाद यादव परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर भोजपुरी लोकगीतों और पारंपरिक लौंडा नाच का आनंद लेते नजर आए। कार्यक्रम के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
राजनीतिक गतिविधियों के बीच लालू यादव का यह जन्मदिन समारोह बिहार की लोक संस्कृति और पारिवारिक उत्सव का अनोखा संगम बन गया, जिसकी सबसे अधिक चर्चा राबड़ी देवी द्वारा गायक छोटू छलिया को दिए गए विशेष उपहार को लेकर हो रही है।
@MUSKAN KUMARI






