मोतिहारी के दिव्यधाम मंदिर में चोरी, देवी-देवताओं के चांदी के मुकुट ले उड़े चोर; श्रद्धालुओं में आक्रोश

मोतिहारी। जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब भगवान के दरबार भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। पुलिस गश्ती को खुली चुनौती देते हुए अज्ञात चोरों ने शहर के बेलिसराय स्थित दिव्यधाम मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं के चांदी के मुकुट चुरा ले गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, देर रात चोर मंदिर में घुसे और मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां दुर्गा, भगवान बजरंगबली तथा माता पार्वती की प्रतिमाओं पर सजे चांदी के मुकुट लेकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मुकुट गायब देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना फैलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मंदिर प्रबंधन के मुताबिक चोरी हुए सभी मुकुटों का कुल वजन करीब एक से डेढ़ किलो चांदी का है। इस दुस्साहसिक वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आस्था के केंद्र भी चोरों के निशाने पर हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

Ad.
Ad.

 

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और चोरी गए मुकुटों की बरामदगी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में भारी रोष है और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग तेज हो गई है। चोरों की इस करतूत ने न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत किया है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल