भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भरत तिवारी पर गोली चलाने के आरोपी बिहार स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवान अक्षय कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भोजपुर के एसपी राज ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इसे अब तक की जांच में सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
17 जून 2026 को शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में STF और स्थानीय पुलिस की कार्रवाई के दौरान भरत भूषण तिवारी की गोली लगने से मौत हुई थी। पुलिस का दावा था कि भरत ने फायरिंग की थी और जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। वहीं, परिजनों का आरोप है कि भरत ने हथियार डाल दिए थे, इसके बावजूद उसे गोली मारी गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया।

परिजनों की शिकायत पर तत्कालीन जगदीशपुर डीएसपी राजेश शर्मा, शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार, STF जवान अक्षय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई थी। अब सबसे पहले अक्षय कुमार की गिरफ्तारी हुई है।
मामले में सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं, कई पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है और एनकाउंटर में इस्तेमाल हथियारों की फॉरेंसिक व बैलिस्टिक जांच भी जारी है। हाल ही में भरत तिवारी के परिजनों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। अब STF जवान की गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा है कि जांच नए चरण में प्रवेश कर चुकी है।
@MUSKAN KUMARI






