आरा/भोजपुर: बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान चौथे पुलिस एनकाउंटर का मामला सामने आया है। गया, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर के बाद अब भोजपुर जिले में पुलिस और एक हथियारबंद आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी भरत तिवारी घायल हो गया। गोली उसके पैर और जांघ में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत तिवारी, सेवानिवृत्त चालक सिपाही काशीनाथ तिवारी का पुत्र है। एक दिन पहले सोशल मीडिया पर उसका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह पुलिसकर्मियों और थानाध्यक्ष की ओर पिस्टल ताने दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
बुधवार सुबह पुलिस टीम जब उसकी गिरफ्तारी के लिए बिलौटी गांव पहुंची तो आरोपी ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी और गांव के दक्षिणी हिस्से की ओर भागने लगा। पुलिस के मुताबिक, भागते समय वह फेसबुक पर लाइव वीडियो भी बना रहा था। पुलिस ने गांव को चारों ओर से घेर लिया और करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोली भरत तिवारी के पैर और जांघ में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल भी बरामद की है। घायल भरत तिवारी को पहले शाहपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इससे पहले वायरल वीडियो में भरत तिवारी की मां भी दिखाई दी थीं, जो उसे शांत करने और समझाने का प्रयास कर रही थीं, लेकिन उसका आक्रामक रवैया जारी रहा। पुलिस का कहना है कि भरत तिवारी को पिछले कुछ वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जाता रहा है, हालांकि कानून हाथ में लेने और हथियार के बल पर दहशत फैलाने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसके पास हथियार कहां से आया और उसके इरादे क्या थे।
@MUSKAN KUMARI





