पटना। बिहार पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG-10) ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से पिस्टल, कार्बाइन, कट्टे और बड़ी मात्रा में गोलियां बरामद की हैं। गिरफ्तार तस्करों की पहचान औरंगाबाद जिले के उपहारा थाना क्षेत्र निवासी रोहित कुमार उर्फ बिल्लू सिंह उर्फ बिल्टा, हसपुरा थाना क्षेत्र के गणेश कुमार उर्फ बिक्रम तथा गोह थाना क्षेत्र के मो. सोहेल उर्फ बलिस्टर आलम उर्फ बली और इश्तेखार आलम के रूप में हुई है।
पुलिस को 18 जून को सूचना मिली थी कि औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और भोजपुर जिलों में अवैध हथियारों की बड़ी खेप की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर 19 जून को SOG-10 की टीम ने SOG-09, CHITA-02, डीआईयू औरंगाबाद और गोह थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। गोह-रफीगंज रोड स्थित डीहुरी बाजार के पास छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उस समय वे तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हथियारों की डिलीवरी के लिए जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन लोडेड पिस्टल, सात मैगजीन और 60 गोलियां बरामद कीं। पूछताछ के बाद गोह थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव में छापेमारी की गई, जहां बिक्री के लिए छिपाकर रखे गए दो देशी कार्बाइन, दो कट्टे और एक टूटा हुआ कट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा .315 बोर की 55 गोलियां और 7.62 बोर की 44 गोलियां भी जब्त की गईं।
कार्रवाई के दौरान दो खोखे, चार मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सभी आरोपियों ने हथियार तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सभी को गोह थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
@MUSKAN KUMARI





