नई दिल्ली/भागलपुर: बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्री से मुलाकात कर भागलपुर जिले के 152-बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सौंपे। उन्होंने बिहपुर में रिवर क्रूज़ पर्यटन, आधुनिक रिवरफ्रंट और अंतर्देशीय नौवहन कौशल अवसंरचना विकसित करने की मांग रखी।
मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि गंगा नदी के किनारे स्थित बिहपुर अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण पर्यटन, जल परिवहन और रोजगार सृजन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से बिहपुर को गंगा पर संचालित लक्ज़री और बजट रिवर क्रूज़ सर्किट से जोड़ने का अनुरोध किया। इसके साथ ही आधुनिक रिवरफ्रंट, यात्री जेट्टी, पर्यटक सुविधाएं और क्रूज़ टर्मिनल विकसित करने का भी आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लागू होने से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और कारीगरों, छोटे व्यापारियों, होटल व्यवसायियों तथा अन्य स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ मिलेगा। इसके अलावा क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

मंत्री ने बिहपुर में अंतर्देशीय नौवहन एवं पोत संचालन के लिए एक सैटेलाइट प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की भी मांग की। इस केंद्र में युवाओं को मशीनीकृत पोत संचालन, हाइड्रोग्राफी, नौवहन और समुद्री उद्योग से जुड़े आधुनिक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे देश और विदेश में बढ़ते जलमार्ग क्षेत्र में रोजगार प्राप्त कर सकेंगे।
कुमार शैलेन्द्र ने केंद्रीय मंत्री से इन दोनों परियोजनाओं के लिए जल्द फिज़िबिलिटी स्टडी (संभाव्यता अध्ययन) शुरू कराने का आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
@MUSKAN KUMARI






