पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव अब और भी रोमांचक हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जन सुराज पार्टी के बाद अब राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पशुपति कुमार पारस के नेतृत्व वाली आरएलजेपी ने समाजसेवी तनवीर आलम को बांकीपुर से अपना आधिकारिक प्रत्याशी बनाया है।
पार्टी नेताओं के अनुसार, तनवीर आलम क्षेत्र में लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं और युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। उनका चुनावी अभियान जनसेवा, स्थानीय विकास और मतदाताओं के सामने एक वैकल्पिक राजनीतिक विकल्प पेश करने पर केंद्रित है।

बांकीपुर उपचुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी।
इस सीट पर इस बार बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। भाजपा ने अभिषेक कुमार उर्फ ‘बंटी’ को उम्मीदवार बनाया है, जिन्हें एनडीए का पूरा समर्थन प्राप्त है। वहीं, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार खुद चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। राजद ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जनशक्ति जनता दल की ओर से तेज प्रताप यादव भी अपने प्रत्याशी के साथ मैदान में हैं।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई 2026 को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त 2026 को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। सभी प्रमुख दलों के मैदान में उतरने से यह उपचुनाव बिहार की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाइयों में शामिल हो गया है।
@MUSKAN KUMARI






