Ghaziabad DPS School: कक्षा 9 के छात्र से मारपीट, उंगली फ्रैक्चर

गाजियाबाद: इंदिरापुरम DPS स्कूल में कक्षा 9 के छात्र से मारपीट, उंगली फ्रैक्चर; ऑपरेशन कर लगाए गए दो स्क्रू

गाजियाबाद: इंदिरापुरम स्थित DPS स्कूल में कक्षा 9 के एक छात्र के साथ उसके सहपाठी द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट में छात्र के बाएं हाथ की तर्जनी उंगली की हड्डी फ्रैक्चर हो गई। चोट गंभीर होने के कारण छात्र को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। 13 नवंबर को डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर टूटी हुई उंगली में इम्प्लांट के साथ दो स्क्रू लगाए।

कक्षा में हुई मारपीट, अस्पताल में कराना पड़ा भर्ती

पीड़ित छात्र के परिजनों के अनुसार, 12 नवंबर को दोपहर करीब 1:40 बजे कक्षा में एक सहपाठी ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। घटना के बाद दोपहर 1:51 बजे स्कूल की ओर से फोन कर परिजनों को इसकी जानकारी दी गई।

इसके बाद स्कूल की एंबुलेंस छात्र को इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी अस्पताल लेकर पहुंची। बाद में परिजन उसे नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल ले गए। वहां एक्स-रे जांच में उंगली की हड्डी टूटी हुई पाई गई। 13 नवंबर को डॉक्टरों ने सर्जरी कर उंगली में इम्प्लांट और दो स्क्रू लगाए।

पहले भी बुलिंग करने का आरोप

छात्र के पिता नीरज त्यागी ने आरोप लगाया है कि उनका बेटा लंबे समय से संबंधित सहपाठी की बुलिंग और परेशान करने वाली हरकतों का सामना कर रहा था। परिजनों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

स्कूल प्रबंधन से लेकर प्रशासन तक शिकायत

घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजकर संबंधित छात्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा जिलाधिकारी और शिक्षा विभाग से भी शिकायत करने की बात कही है। परिजनों ने पुलिस से भी मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अब स्कूल प्रबंधन पर उठ रहे सवाल

इस घटना ने स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा और बुलिंग रोकने के लिए बनाए गए नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन यह जानना चाहते हैं कि यदि पहले भी शिकायतें की गई थीं, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है। स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल