पटना: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ ‘अभिषेक बंटी’ ने नामांकन दाखिल करने के एक दिन बाद ही अपना नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र लिखकर पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने में असमर्थता जताई है।
अभिषेक बंटी ने अपने बयान में कहा कि कुछ अपरिहार्य पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह इस बार चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उनका फैसला पूरी तरह व्यक्तिगत कारणों से लिया गया है।
भाजपा ने हाल ही में बांकीपुर उपचुनाव के लिए अभिषेक बंटी के नाम की घोषणा की थी। लेकिन नामांकन वापसी के इस फैसले ने पार्टी की चुनावी रणनीति को नई चुनौती के सामने खड़ा कर दिया है। अब भाजपा नए उम्मीदवार की तलाश में जुट गई है और पार्टी नेतृत्व लगातार मंथन कर रहा है।

अभिषेक बंटी के चुनावी मैदान से हटने के बाद उनके समर्थकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में मायूसी देखी जा रही है। वहीं, इस घटनाक्रम के बाद विपक्षी दलों में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
बांकीपुर उपचुनाव पहले से ही चर्चा का केंद्र बना हुआ है। ऐसे में भाजपा के उम्मीदवार के अचानक नामांकन वापस लेने से इस सीट का चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। अब सभी की नजरें भाजपा के अगले उम्मीदवार और आगे की रणनीति पर टिकी हैं।
@MUSKAN KUMARI





