बंगला और सुरक्षा विवाद पर लालू यादव का बड़ा हमला, बोले- “सब कुछ नीतीश कुमार करवा रहे हैं”

पटना: बिहार की राजनीति में सरकारी आवास और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर छिड़ा विवाद अब और तेज हो गया है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पहली बार खुलकर इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा आरोप लगाया है। लालू यादव ने कहा कि उनकी सुरक्षा में कटौती और बंगला खाली कराने की पूरी प्रक्रिया के पीछे नीतीश कुमार की भूमिका है। उन्होंने कहा, “हां, हमारी सुरक्षा हटा ली गई है। सब कुछ नीतीश कुमार करवा रहे हैं।”

इससे पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर भी लालू यादव ने बंगला खाली करने के नोटिस और सुरक्षा में कमी को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि “सब पागल हो गए हैं, घृणा कर रहे हैं, लेकिन मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।”

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहले ही इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बता चुके हैं। राजद का आरोप है कि सत्ता का इस्तेमाल कर विपक्ष को निशाना बनाया जा रहा है।

Ad.
Ad.

 

इस बीच लालू यादव की पुत्री और सांसद मीसा भारती ने संकेत दिए हैं कि परिवार तय समय सीमा के भीतर सरकारी आवास खाली कर देगा। उन्होंने कहा कि 15 दिनों के भीतर बंगला खाली कर दिया जाएगा। सुरक्षा में कटौती के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि लालू-राबड़ी को जनता का प्यार और समर्थन मिला हुआ है, इसलिए उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा की आवश्यकता महसूस नहीं होती।

हालांकि, राबड़ी देवी का रुख अब भी सख्त बना हुआ है। उन्होंने पहले स्पष्ट कहा था कि 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास किसी भी कीमत पर खाली नहीं करेंगी। अब कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास को परिवार के नए ठिकाने के तौर पर तैयार किए जाने की चर्चा तेज है।

फिलहाल बंगला और सुरक्षा का यह विवाद बिहार की राजनीति में प्रतिष्ठा और सियासी वर्चस्व की लड़ाई का प्रतीक बनता जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव और बढ़ सकता है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल