पटना के दीघा सब्जी मंडी में गैस पाइपलाइन में लगी आग, बड़ा हादसा टला

पटना। राजधानी पटना के दीघा सब्जी मंडी इलाके में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद भीषण आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटों और घने धुएं से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने किसी बड़े विस्फोट की आशंका के चलते तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयावह थी कि लोग ब्लास्ट के डर से घटनास्थल के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही लोदीपुर फायर स्टेशन के अग्निशमन अनुमंडल पदाधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पांच दमकल गाड़ियों को लगाया गया। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद गैस सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाया गया।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पास में बिजली से जुड़ा निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान खुदाई के समय GAIL India Limited की गैस पाइपलाइन कट गई, जिससे गैस रिसाव शुरू हुआ और आग भड़क उठी। समय रहते गैस सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Ad.
Ad.

 

गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि जिस इलाके में आग लगी, वह पूरी तरह रिहायशी क्षेत्र है और आसपास कई बहुमंजिला इमारतें मौजूद हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।

फिलहाल गैस सप्लाई पूरी तरह बंद कर दी गई है और इलाके को सुरक्षित घोषित करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निर्माण या खुदाई कार्य के दौरान गैस पाइपलाइन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी तरह के गैस रिसाव या तकनीकी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग और फायर ब्रिगेड को सूचना दें।

यह घटना राजधानी में शहरी सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल