बिहारशरीफ: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने राज्यव्यापी आंदोलन के तहत नालंदा के बिहारशरीफ में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। अस्पताल चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और केंद्र तथा राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध जताया।
धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजद जिलाध्यक्ष अशोक कुमार हिमांशु ने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि रसोई से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक हर चीज महंगी हो चुकी है और सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल साबित हुई है।

राजद नेताओं ने बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका कहना था कि शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि सरकार केवल वादों और घोषणाओं तक सीमित है। पूर्व विधायक राकेश कुमार रौशन और राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार सरकारी व्यवस्था में गहराई तक पहुंच चुका है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी लगातार बिगड़ रही है।
नेताओं ने किसानों, मजदूरों, छात्रों और युवाओं की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटका रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो राजद सड़क से लेकर सदन तक अपने आंदोलन को और तेज करेगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने महंगाई पर नियंत्रण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
@MUSKAN KUMARI





