नवादा। बिहार के नवादा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना कादिरगंज थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव की है, जहां खेत से घर लौट रही 35 वर्षीय विमला देवी की वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतका विमला देवी, महेश चौहान की पत्नी थीं और खेत में काम करने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली चमकने लगी। मौसम की स्थिति को देखते हुए वह खेत से अपने घर लौट रही थीं। इसी बीच रास्ते में उन पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें नवादा सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. विक्रम कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया गया कि विमला देवी अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई हैं। उनके पति महेश चौहान निजी कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
@MUSKAN KUMARI





