नवादा। जिले के गोनवां गांव के रहने वाले दिव्यांशु रॉय ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर न सिर्फ नवादा बल्कि पूरे बिहार का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनका चयन प्रतिष्ठित इंटरनेशनल रिसर्च प्रोजेक्ट ओलंपियाड (IRPrO) के लिए हुआ है, जिसका आयोजन इंडोनेशिया में किया जाता है। इस प्रतियोगिता में दुनिया के विभिन्न देशों के चुनिंदा प्रतिभागी अपने शोध और नवाचार आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत करते हैं।
दिव्यांशु रॉय ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए हर वर्ष प्रत्येक देश से केवल पांच सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जाता है। भारत से चयनित प्रतिभागियों में उन्हें प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो बिहार के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने बताया कि उनकी टीम किसानों की समस्याओं के समाधान और खेती को अधिक सुरक्षित एवं बेहतर बनाने से जुड़े एक विशेष रिसर्च प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। इसी प्रोजेक्ट को वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे।

दिव्यांशु के अनुसार, चयन प्रक्रिया के तहत पहले ऑनलाइन आवेदन किया गया, जिसके बाद उनका ऑनलाइन इंटरव्यू लिया गया। इंटरव्यू में सफल होने के बाद उनका चयन हुआ। अब वह 22 जुलाई 2026 को इंडोनेशिया रवाना होंगे, जहां विभिन्न देशों के प्रतिभागियों के बीच अपने शोध प्रोजेक्ट की जानकारी साझा करेंगे।
साधारण व्यवसायी परिवार से आने वाले दिव्यांशु के पिता रमेश यादव उर्फ रामू यादव व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
दिव्यांशु की इस सफलता से परिवार, गांव और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है। वहीं जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
@MUSKAN KUMARI






