स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सोनिया गाँधी का प्रधानमंत्री मोदी पर पलटवार

189

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आजादी के 75 साल पूरा होने के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश ने इन 75 सालों में अनेक उपलब्धियां हासिल की, लेकिन आज की ‘आत्ममुग्ध सरकार’ स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली हुई है। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। पिछले 75 साल में भारत ने अपने प्रतिभाशाली भारतवासियों की कड़ी मेहनत के बल पर विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सूचना प्रौद्योगिकी सहित सभी क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय पटल पर एक अमिट छाप छोड़ी है।’’

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘हमने बीते 75 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन आज की आत्ममुग्ध सरकार हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली हुई है, जिसे कदापि स्वीकार नहीं किया जा सकता है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए ऐतिहासिक तथ्यों पर कोई भी गलतबयानी तथा गांधी-नेहरू-पटेल-आज़ाद जी जैसे महान राष्ट्रीय नेताओं को असत्यता के आधार पर कठघरे में खड़ा करने के हर प्रयास का भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here