लखनऊ में वकीलों के प्रदर्शन से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित, दो घंटे तक जाम में फंसे रहे लोग
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के चलते शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। विधानसभा घेराव के लिए निकले वकीलों के पैदल मार्च के कारण हजरतगंज, परिवर्तन चौक, कैसरबाग समेत आसपास के इलाकों में लंबा जाम लग गया। कई प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग किए जाने से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिला न्यायालय से शुरू हुआ पैदल मार्च
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे कैसरबाग स्थित जिला न्यायालय से अधिवक्ताओं का पैदल मार्च शुरू हुआ। प्रदर्शनकारी वकील परिवर्तन चौक, केडी सिंह बाबू स्टेडियम, हलवासिया और हजरतगंज चौराहे से होते हुए विधानसभा की ओर रवाना हुए।
कई प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग
अधिवक्ताओं के विधानसभा घेराव के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने विधानसभा और हजरतगंज की ओर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी। इसके चलते कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ा।
दो घंटे तक जाम से जूझे शहरवासी
पैदल मार्च और पुलिस की बैरिकेडिंग के कारण दोपहर में करीब दो घंटे तक शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा। हजरतगंज, कैसरबाग और परिवर्तन चौक के आसपास लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
वकीलों के प्रदर्शन के कारण आम राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)







