राजधानी पटना के अति-विशिष्ट (VVIP) इलाके में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। 13 नंबर चेक पोस्ट के समीप 10 सर्कुलर रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कॉर्पियो तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान एक मासूम बच्ची सड़क पार करने लगी। बच्ची को सामने देख चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। स्कॉर्पियो में सवार तीनों लोग बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं। बच्ची भी सुरक्षित बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर यातायात को सामान्य करने की कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कार सवारों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





