मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन में स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ज्वेलरी महोत्सव-2026 का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। यह महोत्सव 1 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों से आए करीब 200 आभूषण निर्माताओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित आभूषणों और ज्वेलरी उत्पादों की जानकारी ली तथा निर्माताओं से बातचीत भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी आभूषण निर्माता यहां बेहतर ढंग से अपना व्यवसाय करें और सरकार की ओर से उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

ज्वेलरी महोत्सव में कोटा, आगरा, सूरत, अहमदाबाद, नागपुर, मुंबई, लखनऊ और कोलकाता समेत देश के विभिन्न हिस्सों से आभूषण निर्माता शामिल हुए हैं। इस आयोजन के जरिए ज्वेलरी निर्माण और व्यापार से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन के साथ-साथ आपसी संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर विधायक राणा रणधीर सिंह सहित संस्थान के पदाधिकारी, आभूषण निर्माता और बड़ी संख्या में संबंधित क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।
@MUSKAN KUMARI





