बिहार विधान परिषद सदस्य और भाजपा नेता नवल किशोर यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर राज्य के शिक्षकों और युवाओं से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में वित्त रहित शिक्षकों, अतिथि शिक्षकों और हालिया शिक्षक बहाली प्रक्रियाओं से जुड़ी प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया।
MLC नवल किशोर यादव ने पटना के गर्दनीबाग में लंबे समय से धरना-प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों, युवाओं और विभिन्न शिक्षक संगठनों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की मांगों का ब्योरा सौंपते हुए कहा कि युवाओं और शिक्षकों की चिंताओं का समयबद्ध समाधान बेहद जरूरी है।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इन सभी मुद्दों के प्रति संवेदनशील है और उचित समाधान निकालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ जल्द समीक्षा कर शिक्षकों और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बैठक का मुख्य मुद्दा वित्त रहित शिक्षकों के वेतनमान से जुड़ा रहा। मुख्यमंत्री ने इस मामले में त्वरित पहल का भरोसा देते हुए कहा कि एक से दो दिनों के भीतर वित्त रहित शिक्षकों के प्रतिनिधियों और शिक्षक नेताओं के साथ विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।
सरकार का कहना है कि इस बैठक के जरिए वर्षों पुरानी वेतनमान से जुड़ी समस्या का सर्वसम्मत और उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI





