मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा जब्त की गई अपाचे बाइक चोरी होने के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, एक सड़क दुर्घटना के मामले में पुलिस ने अपाचे बाइक जब्त की थी। बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण रास्ता अवरुद्ध था, इसलिए बाइक को चौकीदार शिवनारायण राय के घर के दरवाजे पर रखा गया था।
19 अगस्त की सुबह चौकीदार ने देखा कि दरवाजे पर खड़ी बाइक गायब है। इसके बाद उन्होंने तत्काल कटरा थाना अध्यक्ष मनीष कुमार को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके आधार पर कटरा थाना क्षेत्र के गंगिया गांव से मुन्ना कुमार सिंह के पुत्र विकास कुमार और दरभंगा जिले के सिंघवारा थाना क्षेत्र निवासी नंदकिशोर पासवान के पुत्र विवेक पासवान को चोरी की गई बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया।
कटरा थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





