हाजीपुर के चर्चित ठेकेदार रामनरेश राय हत्याकांड में बिहार STF और दानापुर पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने दानापुर के सगुना गोलंबर के पास छापेमारी कर दो संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिदुपुर निवासी रमेश राय और बलुआ कुंवारी निवासी आदित्य कुमार उर्फ ढोलू के रूप में बताई गई है।
दरअसल, पिछले सप्ताह हाजीपुर में ठेकेदार रामनरेश राय की मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद मृतक की पत्नी के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कथित मुख्य आरोपी सहदेव राय को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और STF की टीम हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों, शूटरों और लाइनर की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को दोनों शूटरों के बारे में अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्याकांड में उनकी भूमिका के साथ-साथ लाइनर और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। जांच पूरी होने के बाद पुलिस मामले में अन्य खुलासे कर सकती है।
@MUSKAN KUMARI





