बिहार के मुजफ्फरपुर में एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। घटना मुसहरी थाना क्षेत्र के नारौली चौक के पास की है। कार में सवार दो महिलाओं, दो बच्चों और चालक समेत पांच लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के मुताबिक, कार मुजफ्फरपुर से ढोली की ओर जा रही थी। नारौली चौक के पास पहुंचते ही अचानक कार में आग लग गई। आग की लपटें उठते देख चालक ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को बाहर निकाला।
कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर धू-धूकर जलती कार को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी कार जलकर राख हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
मुसहरी थाना पुलिस के अनुसार, हादसे में कार सवार सभी पांच लोग सुरक्षित हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
@MUSKAN KUMARI






